मैनपुरी। अपार आईडी को लेकर शिक्षकों और कर्मचारियों का जनवरी का वेतन रोके जाने से शिक्षक और कर्मचारी आक्रोशित हो गए। शुक्रवार को माध्यमिक शिक्षक संघ और प्रधानाचार्य परिषद के पदाधिकारियों के साथ सैकड़ों शिक्षकों ने जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय का घेराव कर लिया। शिक्षक और कर्मचारियों ने जमकर नारेबाजी करते हुए विभागीय कार्य प्रभावित करने की चेतावनी दी तो अधिकारी वेतन लगाने को राजी हो गए।
शासन द्वारा अपार आईडी सृजन में लापरवाही पर माध्यमिक स्कूलों के शिक्षकों और कर्मचारियों का जनवरी का वेतन लेखाधिकारी ने रोक दिया। इससे शिक्षक और कर्मचारी आक्रोशित हाे गए। माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य कृष्णानंद दुबे और प्रधानाचार्य परिषद के जिलाध्यक्ष अजय यादव के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में शिक्षक ओर कर्मचारी शुक्रवार की दोपहर जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पहुंच गए।
यहां जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय का घेराव कर जमकर नारेबाजी की। शिक्षक नेताओं ने कहा कि अपार आईडी में देरी के लिए शिक्षक या कर्मचारी दोषी नहीं है। कहीं छात्रों के आधार में दिक्कत आ रही है तो कहीं अभिभावकों की सहमति और आधार आदि नहीं मिल पा रहा है। कहीं छात्रों का पिछली कक्षा का रिकाॅर्ड उपलब्ध नहीं है ऐसे में शिक्षक और कर्मचारी कैसे अपार आईडी सृजित कर सकते हैं।
चेतावनी दी कि यदि शिक्षकों और कर्मचारियों का वेतन रोका जाता है तो वे बोर्ड परीक्षा जैसे महत्वपूर्ण कार्य को प्रभावित करने के लिए मजबूर होंगे। शिक्षक और कर्मचारियों का आक्रोश देख जिला विद्यालय निरीक्षक सतीश कुमार और लेखाधिकारी सुरेंद्र कुमार ने वेतन लगाने का कार्य शुरू कर दिया। इसके बाद शिक्षकों ने धरना-प्रदर्शन बंद किया।
प्रदर्शन करने वालों में यदुवीर नारायण दुबे, मुकेश सिंह चौहान, मनोज यादव, अशोक यादव, वीके पीटर, अजय यादव, प्रदीप चतुर्वेदी, अमोघ बाबू, उपदेश यादव, करनसिंह, अवधेश मिश्रा, सतेंद्र यादव, शिवभवन, शिवराज सिंह, रमेश यादव, प्रशांत मिश्रा मौजूद रहे।