मैनपुरी। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रतिनिधि मंडल ने शनिवार को जिलाध्यक्ष राजीव यादव के नेतृत्व में बीएसए विजय प्रताप सिंह से मुलाकात की। बीएसए को शैक्षिक समस्याओं से संबंधित ज्ञापन सौपा। बीएसए ने समस्याओं के निस्तारण का आश्वासन दिया है।
जिलाध्यक्ष राजीव यादव ने बताया कि शिक्षकों को पदोन्नति दिए बिना उनसे इंचार्ज प्रधानाध्यापक के रूप में कार्य कराया जा रहा है। इसके चलते शिक्षकों में बेहद आक्रोश है। यदि शीघ्र शिक्षकों की पदोन्नति नहीं की गई तो शिक्षक इंचार्ज प्रधानाध्यापक के पद से इस्तीफा देने को मजबूर होंगे।
जिला मंत्री महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि विगत 11 माह से शिक्षकों के वेतन से एनपीएस की कटौती तो की जा रही है किंतु शासन द्वारा दिये जाने वाले लाभांश के बिना उसे खातों में नहीं भेजा जा सका है। जिला संरक्षक सत्यवीर सिंह ने मार्च में सेवानिवृत्त होने वाले शिक्षकों के देयकों व पेंशन की समय से भुगतान की मांग उठाई। प्रतिनिधिमंडल में महेश आर्य, वैभव यादव, कौशल गुप्ता, सुदीप पांडेय, जितेंद्र कुमार, मेघ सिंह शाक्य, अवनीश कुमार, जेनुअल आब्दीन, दिनेश यादव आदि उपस्थित थे।