मैनपुरी। रविवार को जिले में कड़ी निगरानी के बीच शिक्षक पात्रता परीक्षा हुई। प्रथम पाली में पंजीकृत 16379 परीक्षार्थियों में से 1671 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। समय से परीक्षा केंद्र पर न पहुंचने पर कई परीक्षार्थियों की परीक्षा छूट गई, इससे गुस्साए परीक्षार्थियों ने हंगामा किया। पुलिस की सख्ती की वजह से हंगामा ज्यादा देर तक नहीं चला।
सुबह प्रथम पाली में जिले के 28 केंद्रों पर प्राथमिक स्तर की परीक्षा आयोजित हुई। सुबह 10 बजे से 12:30 बजे तक हुई परीक्षा में निर्धारित समय 9:30 बजे के बाद परीक्षार्थियों को प्रवेश नहीं दिया गया। परीक्षार्थियों को तीन चरण की तलाशी के बाद केंद्रों पर प्रवेश दिया गया। प्रथम पाली में पंजीकृत 16379 परीक्षार्थियों में से 14708 परीक्षार्थी उपस्थित हुए। 1671 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा की निगरानी के लिए केंद्र व्यवस्थापकों के अतिरिक्त 28 स्टेटिक मजिस्ट्रेट, 56 पर्यवेक्षणीय अधिकारी तैनात रहे। द्वितीय पाली में अपराह्न 2:30 बजे से पांच बजे तक उच्च प्राथमिक स्तर की परीक्षा का आयोजन हुआ। द्वितीय पाली में दो बजे के बाद परीक्षा केंद्र का गेट बंद कर दिया गया। जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह, पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार राय ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
------
देर से पहुंचे परीक्षार्थियों ने कई केंद्रों पर किया हंगामा
रविवार को कई केंद्रों पर देर से पहुंचे परीक्षार्थियों ने हंगामा काटा। 10 बजे से 12:30 बजे तक प्राथमिक स्तर की परीक्षा होनी थी। परीक्षा के लिए शासनादेश के तहत 9:30 बजे परीक्षा केंद्रों का गेट बंद कर दिया गया। जिससे बड़ी संख्या में परीक्षार्थी परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं ले सके। शहर के एसबीआरएल एकेडमी में परीक्षार्थियों ने परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिए जाने को लेकर हंगामा काटा। यहां परीक्षार्थियों ने जाम लगाने की भी कोशिश की। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने भी परीक्षार्थियों की नहीं सुनी। आरसी कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, डॉ. किरन सौजिया सीनियर सेकेंडरी स्कूल सहित कई स्कूलों पर सुबह समय से न पहुंचने वाले छात्र-छात्राओं ने हंगामा किया। एडीएम रामजी मिश्र, सीओ सिटी अमर बहादुर सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला।
-----
शिक्षक पात्रता परीक्षा का प्रश्न पत्र अधिक कठिन नहीं था। अंग्रेजी के कुछ प्रश्रपत्र कठिन थे। परीक्षा अच्छी हुई। उम्मीद है कि नंबर भी अच्छे प्राप्त होंगे।
अरुण कुमार, कुसमरा
-----
पेपर अधिक कठिन नहीं था। सामाजिक अध्ययन के प्रश्न थोड़े कठिन थे जिनका उत्तर देने में समय लगा। शेष प्रश्रपत्र समय से पूरा कर लिया गया।
आलोक राजपूत, चांदेश्वर रोड
------
गणित के सवालों का हल निकालने में थोड़ा समय लगा। अन्य प्रश्नों के जवाब में कोई दिक्कत नहीं हुई। प्रश्नपत्र अच्छा हुआ है। नंबर भी अच्छे आएंगे।
अभिषेक कुमार, नगला अमर सिंह
------
प्रश्नपत्र सरल था। अंग्रेजी के कुछ प्रश्नों के जवाब देने में थोड़ा समय लगा। शेष प्रश्नपत्र समय से पूरा कर लिया गया। परीक्षा निर्धारित समय से शुरू हुई।
दीपक बाबू, ज्योंती तिराहा
------