कासगंज। लॉकडाउन के कारण प्रभावित हुए यात्री एवं मालवाहक वाहनों के संचालकों को शासन ने बड़ी राहत दी है। यात्री वाहनों का अप्रैल, मई एवं मालवाहक वाहनों का अप्रैल माह का टैक्स माफ कर दिया गया है। शासन के इस कदम से परिवहन विभाग को अच्छा-खासा नुकसान होगा।लॉकडाउन में वाहनों का संचालन बंद हो जाने से ट्रांसपोर्ट कारोबार पूरी तरह से बेपटरी हो गया। दो माह तक यात्रा पर रोक से यात्री वाहन पूरी तरह से खड़े रहे।
माल का आवागमन बंद हो जाने से मालवाहक वाहनों का संचालन भी प्रभावित हो गया। जिससे संचालकों को काफी नुकसान उठाना पड़ा। सरकार ने वाहन स्वामियों की समस्या को देखते हुए मालवाहक वाहनों को अप्रैल माह एवं यात्री वाहनों का अप्रैल और मई माह का टैक्स माफ कर दिया है। यह राहत मोटरयान अधिनियम 1977 के तहत दी गई है।
जिन वाहन संचालकों ने अपना अप्रैल का टैक्स जमा कर दिया है। उनके टैक्स को आगे समायोजित किया जाएगा। शासन के इस फैसले से जिले के 892 वाहन संचालकों को राहत मिलेगी। जबकि शासन के इस फैसले का असर परिवहन विभाग की आय पर पड़ेगा। विभाग को इससे 2,36,28,000 रुपये का नुकसान उठाना होगा।
वाहन संख्या माफ की गई राशि
ट्रक 471 1 करोड़
बस 141 1.36 करोड़
मैजिक/ टैक्सी 280 7.28 लाख
शासन से यात्री वाहन पर दो माह तथा मालवाहक वाहन पर एक माह के टैक्स में छूट दी गई है। शासन से मिले दिशा-निर्देश के बाद विभाग ने टैक्स माफी की प्रक्रिया को शुरू कर दिया है। - राजेश राजपूत, एआरटीओ।