कासगंज। विद्यालय से पढ़कर वापस घर लौटने के दौरान गांव निवासी मनबढ युवक ने छात्रा संग छेड़खानी की। शिकायत करने पर युवक के परिजनों ने छात्रा के ताऊ को मारपीटकर घायल कर दिया। पीड़ित ने घटना के बाबत थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
सोमवार को स्कूल से लौटने के दौरान एक छात्रा से उसके गांव का युवक रंजीत ने छेड़खानी की। घर पहुंचकर छात्रा ने परिवार के सदस्यों को इस घटना से अवगत कराया। युवक गांव का था, इसके चलते छात्रा के ताऊ उसके घर शिकायत करने पहुंच गए। आरोप है कि शिकायत कर वो घर लौटे। इस दौरान आरोपी युवक रंजीत और उसके परिवार के लोग कुछ देर बाद उनके घर पहुंचकर उनकी पिटाई कर दिए। चीख पुकार सुन जब अन्य ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुटी तो आरोपी मौके से धमकी देते हुए फरार हो गए। छात्रा ने इस घटना की शिकायत पुलिस से की। पुलिस घायल ताऊ को मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भेजी। साथ ही छात्रा की तहरीर पर रंजीत सहित उसके परिवार के तीन अन्य सदस्यों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल शुरु की है। थाना प्रभारी रामसिया मौर्य ने बताया कि छात्रा की तहरीर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।