कासगंज। आजादी का अमृत महोत्सव पूरा होने के साथ ही कोरोना टीकाकरण पर ब्रेक लग गया है। जिले में वैक्सीन का पूरा स्टॉक समाप्त हो चुका है। जबकि 728516 लोगों को अभी बूस्टर डोज लगना शेष है। वहीं 135347 लोगों को दूसरी डोज भी लगनी है। ऐसे में शासन ने न तो वैक्सीन ही उपलब्ध कराई है और न हीं कोई निर्देश ही आया है।
कोरोना का टीकाकरण अभियान 16 जनवरी 2021 से शुरू किया गया। अभियान शुरू हो जाने से लोगों ने काफी राहत ली। 12 साल से ऊपर आयु के सभी लोगों के लिए पहली व दूसरी डोज के अलावा सीनियर सिटीजन के लिए बूस्टर डोज निशुल्क लगाई जाने लगी। शासन से आजादी के अमृत महोत्सव के तहत 30 सितंबर तक 18 साल से ऊपर के सभी लोगों के लिए बूस्टर डोज को नि:शुल्क कर दिया गया। इस दिन तक जिन लोगों की वैक्सीन की दूसरी डोज या बूस्टर डोज लगनी थी और वे केंद्रों पर पहुंच गए उनको डोज लगा दी गई। जिला में जितना भी स्टॉक बचा था उसे खत्म करने के निर्देश के चलते विभाग अभियान चलाकर 29358 लोगों को पहली डोज से लेकर बूस्टर डोज लगाई गई। इसके बाद जिला में वैक्सीन का स्टॉक शून्य हो गया। चार दिन बीत जाने के बाद भी शासन से न तो वैक्सीन ही भेजी गई है और न हीं कोई नए निर्देश ही जारी किए गए हैं कि अब लोगों को वैक्सीन की डोज लगाई जानी है या नहीं। जिससे विभाग भी दुविधा में है। ऐसे में जिन लोगों की डोज लगना शेष रह गई है वे चिंतित नजर आ रहे है। आरती बताती हैं कि उनकी पहली डोज को लगे हुए अब छह माह का समय हुआ है। वह अपनी दूसरी डोज लगवाने के लिए केंद्र पर पहुंची तो बताया गया कि शासन से अब वैक्सीन उपलब्ध नहीं कराई जा रही। सीनियर सिटीजन ब्रजनंदन ने बताया कि उनकी बूस्टर डोज का समय 2 अक्तूबर को पूरा हुआ। जब वह अगले दिन बूस्टर डोज लगवाने के लिए गए तो मना कर दिया गया। ऐसे तमाम लोग केंद्रों से निराश होकर वापस लौट रहे है।