आगरा। बसई की कलुआराम मंडी को बंद कराने और बसई रोड पर अवैध फुटकर बाजार हटाने की मांगों को लेकर बरौली अहीर मंडी के व्यापारियों का धरना सोमवार को भी जारी रहा। मंडी परिषद के अधिकारियों के साथ वार्ता बेनतीजा रही।
धरने के दौरान मंडी परिषद के उपनिदेशक अनिल कुमार और मंडी सचिव अजय प्रताप सिंह व्यापारियों से बातचीत के लिए मंडी पहुंचे। अधिकारियों ने पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को मंडी कार्यालय बुलाया, जिसका आंदोलनरत व्यापारियों ने विरोध किया। मंडी उपाध्यक्ष प्रवेंद्र सिंह ने बताया कि वार्ता के दौरान अधिकारियों ने व्यापारियों की प्रमुख मांगों पर सहमति नहीं जताई, जिससे कोई समाधान नहीं निकल सका और अधिकारी लौट गए। व्यापारियों का कहना है कि बसई की कलुआराम मंडी में अब भी बड़े स्तर पर व्यापार हो रहा है, जबकि बसई मंडी के बाहर सड़क पर अवैध फुटकर बाजार भी संचालित है। इससे बरौली अहीर मंडी में महंगी कीमत पर दुकानें लेने वाले व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। व्यापारियों ने चेतावनी दी कि जब तक कलुआराम मंडी बंद नहीं होती और अवैध बाजार नहीं हटाया जाता, तब तक धरना जारी रहेगा।