करीब एक साल से युवक, पड़ोसी किशोरी की आपत्तिजनक तस्वीरें दिखाकर उन्हें सार्वजनिक करने की धमकी देकर ब्लैकमेल कर रहा था। सोमवार को आरोपी ने घर में घुसकर किशोरी से बदसलूकी की। पीड़िता के परिजनों ने मुकदमा दर्ज कराया है।
घटना जगदीशपुरा इलाके की है। घटना करीब एक साल पहले की है। आरोपी सब्बू ने किशोरी की नहाने के दौरान अपने मोबाइल से आपत्तिजनक फोटो खींच ली। किशोरी को इसकी भनक नहीं लगी। इसके बाद किशोरी को दिखाकर धमकी देना शुरू कर दिया। दोस्ती नहीं करने पर उसकी तस्वीर को इंटरनेट पर वायरल कर दिया। किशोरी ने डर के चलते इसकी जानकारी परिजनों को नहीं दी। इससे आरोपी का दुस्साहस बढ़ गया।
उसने किशोरी को घर से बाजार आते-जाते परेशान करना शुरू कर दिया। उस पर दोस्ती का दबाव बनाने लगा। सोमवार को आरोपी उसे अकेला देख घर पर आ गया। किशोरी से छेड़छाड़ करने लगा। किशोरी ने शोर मचाया। परिजनों को घटना की जानकारी दी। इंस्पेक्टर राजेश कुमार पांडेय ने बताया कि आरोपी सब्बू और उसके साथी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।