ताजगंज डेवलपमेंट फाउडेंशन के अध्यक्ष नितिन सिंह ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के विरुद्ध पुनर्विचार याचिका दाखिल की जाएगी, तब तक प्रशासन हमें त्योहार मनाने की मोहलत दे। ताजमहल के आस-पास काम धंधे उजड़ने से 10 हजार से अधिक परिवारों के 50 हजार लोग प्रभावित होंगे। ताजगंज के व्यापारी नेता राकेश अग्रवाल ने बताया कि जिनके रोजगार इस आदेश से बंद होंगे उनके लिए सरकार को वैकल्पिक व्यवस्था करनी चाहिए।
95 फीसदी सीमा हुई निर्धारित
आगरा विकास प्राधिकरण ने प्रतिबंधित परिधि में 95 फीसदी सीमा निर्धारण कर लिया है। करीब 3500 आवासीय एवं व्यावसायिक गतिविधियां चिह्नित की गई हैं। अगले दो से तीन दिन में 100 फीसदी 500 मीटर क्षेत्र का सर्वे पूरा हो जाएगा। एडीए उपाध्यक्ष चर्चित गौड़ ने बताया कि पिछले तीन दिन बारिश के कारण सर्वे कार्य प्रभावित हुआ है। चार टीमों से 20 से अधिक कर्मचारी सर्वे कर रहे हैं। सभी व्यावसायिक गतिविधियां 17 अक्तूबर तक बंद की जाएंगी।
ताजगंज का बाजार बंद नहीं रहेगा
ताजमहल के 500 मीटर के क्षेत्र में व्यावसायिक गतिविधियां बंद करने के आदेश के मुद्दे पर 12 अक्तूबर को बाजार बंदी के निर्णय को करवाचौथ के चलते टाल दिया गया है। अब बाजार बंद नहीं रहेगा। मानव शृंखला बनाकर विरोध प्रदर्शित किया जाएगा।
ताजगंज डेवलपमेंट फाउंडेशन की मंगलवार की शाम को आयोजित बैठक में वक्ताओं ने कहा कि करवाचौथ के त्योहार के कारण लोग खरीदारी करने निकलेंगे, इस कारण बाजार बंदी के निर्णय को टाल दिया गया है। बुधवार को शाम चार बजे पाठक प्रेस के कुत्ता पार्क होकर पुरानी मंडी तक मानव शृंखला बनाकर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।