शिल्पग्राम में प्रस्तुति देतीं नीति मोहन
- फोटो : अमर उजाला
ताजमहोत्सव के तहत सोमवार को शिल्पग्राम में बॉलीवुड नाइट का आयोजन हुआ। इसमें प्रसिद्ध बॉलीवुड सिंगर नीति मोहन ने अपनी प्रस्तुति से स्टेज पर धमाल मचा दिया। दर्शक वंस मोर वंस मोर की फरमाइश करते रहे और एक के बाद एक गाने सुनने को मिले। गीतों पर देर रात तक ताजनगरी थिरकती रही।
महोत्सव में नीति मोहन के आने का उनके प्रशंसक पिछले कई दिनों से बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। सोमवार की रात करीब 10 बजे वे स्टेज पर आईं और उन्होंने अपने अंदाज में आगरावासियों का अभिवादन किया। उन्हें देखते ही लोग उत्साहित हो उठे।
मोबाइल से वीडियो और सेल्फी लेनी शुरू कर दी। इसके बाद शुरू हुआ उनकी प्रस्तुति का दौर। उन्होंने एक के बाद एक कई फिल्मी गीत गाकर लोगों का दिल जीत लिया।
लगाकार दर्शक गानों की फरमाइश करते रहे। इस दौरान नैनों वालों ने, इंडिया वाले, इश्क वाला लव, फकीरा, ऐथे आ, बैंग बैंग, कॉलर ट्यून जैसे बेहतरीन गाने गाए। उन्हें देखने और सुनने को बड़ी संख्या में भीड़ उमड़ी हुई थी।
लाइव दिखाया दोस्तों को: नीति मोहन को सुनने का मौका लोग गंवाना नहीं चाहते थे। इसलिए जो किसी कारण पहुंच नहीं सके, उन्हें अपने दोस्तों और रिश्तेदारों की मदद से कार्यक्रम को मोबाइल के माध्यम से लाइव देखा।
दो घंटे देरी से शुरू हुआ कार्यक्रम: कार्यक्रम तय समय से करीब दो घंटे देरी से शुरू हुआ। लगभग रात आठ बजे का समय रखा गया था। म्यूजिशियन आ चुके थे। दर्शक भी इंतजार कर रहे थे। इस दौरान कुछ देर के लिए लोग उठकर आसपास घूमने भी चले गए थे।