आगरा में 'संस्कृति के रंग ताज के संग' थीम पर मंगलवार से ताज महोत्सव का आगाज हो गया। यह 27 फरवरी तक चलेगा। शिल्पग्राम, सदर बाजार और सूरसदन में सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। महोत्सव का उद्घाटन सियाराम की धुन के साथ हुआ।
मंडलायुक्त अनिल कुमार ने बताया कि ताज महोत्सव के लिए शहरवासियों से मिली कई थीम में से मेधा शर्मा की संस्कृति के रंग ताज के संग को चुना गया। इस थीम पर एक गीत की रचना भी की गई है जिसे साहित्यकार डॉ. अमी आधार निडर ने लिखा है और संगीत संयोजन संगीतकार पंडित केशव तलेगांवकर ने किया है। उद्घाटन के मौके पर यह थीम प्रस्तुत की गई।
1992 में शुरु हुए ताज महोत्सव का यह 29 वां संस्करण है, जिस पर 2.75 करोड़ रुपये व्यय का अनुमान है। इनमें से 20 लाख राज्य पर्यटन, 10 लाख केंद्रीय पर्यटन विभाग से मिले हैं। इसके अलावा बैंक और संस्थाओं का सहयोग है।