ताजमहल, आगरा किला, फतेहपुर सीकरी समेत एएसआई के सभी स्मारकों पर 15 जून तक ताला लगा रहेगा। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) ने स्मारकों की बंदी 15 जून तक बढ़ा दी है। कोरोना संक्रमण के कारण स्मारक 16 अप्रैल से बंद हैं। स्मारकों से रोजी रोटी कमा रहे गाइड, फोटोग्राफर, छोटे दुकानदार, होटल, रेस्टोरेंट, एंपोरियम, हस्तशिल्पियों के सामने संकट बढ़ गया है। संस्कृति मंत्रालय द्वारा 15 जून तक स्मारकों की बंदी बढ़ा देने से पर्यटन कारोबारियों में निराशा है।
कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर में एएसआई ने सभी संरक्षित स्मारकों, पुरातत्वीय स्थलों और संग्रहालयों को बंद करने का आदेश 15 अप्रैल को जारी किया था। पहले यह आदेश 15 मई तक के लिए था, जिसे 31 मई तक बढ़ा दिया गया। रविवार को संस्कृति मंत्रालय के आदेश के बाद निदेशक (स्मारक) डॉ. एनके पाठक ने स्मारकों को 15 जून या अग्रिम आदेशों तक के लिए बंद रखे जाने का आदेश किया।