प्रशासन ने पीडब्ल्यूडी को दिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश
- फोटो : Getty
महताब बाग को ताजमहल से जोड़ने के लिए जल्द पीपों के पुल कार्य शुरू हो सकता है। इसके लिए प्रशासन ने लोक निर्माण विभाग को प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए हैं। यह कवायद महताब बाग में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए की जा रही है।
तीन अप्रैल को स्वदेश दर्शन योजना के तहत पर्यटन विकास की संभावनाओं पर विचार विमर्श के लिए डीएम गौरव दयाल की अध्यक्षता में बैठक हुई थी। उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग के उपनिदेशक दिनेश कुमार और पर्यटन जगत से जुड़े अन्य लोगों की मौजूदगी में ताजमहल और आगरा किला से महताब बाग के बीच सुगम आवागमन करने के लिए किले से रिवर फ्रंट गार्डन तथा पीपे का पुल निर्मित कराने पर चर्चा की। इस प्रस्ताव पर सहमति भी बन गई थी। डीएम ने इस दिशा में कदम आगे बढ़ाते हुए पीडब्ल्यूडी को प्रस्ताव करने तैयार करने को कहा है। इसमें पीपे का पुल बनाने की प्रक्रिया, अनुमति और प्रोजेक्ट की अनुमानित लागत मांगी गई है। बता दें कि यमुना पर पीपे का पुल बनाने के प्रस्ताव से पहले सिंचाई विभाग ने ताजमहल के पास रबर डेम बनाने का प्रस्ताव तैयार किया था। फिलहाल यह खटाई में पड़ गया है। ऐसी स्थिति में डीएम ने इस प्रोजेक्ट की रिपोर्ट तलब की है।
पवन हंस कराएगा सीकरी का दीदार
बैठक में आगरा-फतेहपुर सीकरी के बीच हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करने पर भी मंथन हुआ। टूरिस्ट गिल्ड द्वारा दिए गए हेली टूअर के सुझाव पर बैठक में सहमति व्यक्त की है। इसके लिए मैसर्स पवन हंस हेलीकॉप्टर कंपनी को चुना गया है। सेवा शुरू करने के लिए हेलीपेड बनाने के लिए जेपी पैलेस होटल पर विचार किया जा रहा है। वहीं, टूरिज्म गिल्ड से उक्त सेवा के लिए पवन हंस हेलीकॉप्टर से विस्तृत प्रस्ताव उपलब्ध कराने को कहा है।