आगरा। सिकंदरा रोड स्थित सोनेट क्रिकेट ग्राउंड पर चल रही प्रतियोगिता में मंगलवार को ताज क्रिकेट अकादमी ने सीएई मथुरा को 4 विकेट से हरा दिया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सीएई मथुरा की टीम ने 37.1 ओवर में सभी विकेट खोकर 174 रन बनाए। टीम की ओर से अंकुल धनगर ने शानदार 57 रनों की पारी खेलकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। ताज क्रिकेट अकादमी की ओर से गेंदबाजी में अर्जुन, नितिन और किशोर ने 2-2 विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी ताज क्रिकेट अकादमी की टीम ने 31.5 ओवर में 6 विकेट खोकर 176 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। टीम की ओर से सुमित ने 43 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली और जीत में अहम भूमिका निभाई। सुमित को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। उन्हें यह सम्मान दुबे ने प्रदान किया। इस दौरान अर्पित गौतम, नरेंद्र शर्मा, अभय पटेल, गगन सहित अन्य खेल प्रेमी और दर्शक मौजूद रहे।