कासगंज। सोमवार को विश्व खाद्य सुरक्षा दिवस है। संक्रमण काल में सरकार भले ही राशन कार्डधारकों को नि:शुल्क राशन का लाभ दे रही हो, लेकिन व्यवस्थाओं को बेहतर बनाना अभी भी चुनौतीपूर्ण है। राशन विक्रेताओं के सामने आ रही तकनीकि समस्या के समाधान की जरूरत है।
प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत कार्डधारकों को कोरोना काल में नि:शुल्क राशन दिया जा रहा है। दोहरा लाभ जून, जुलाई और अगस्त महीने में कार्ड धारकों को दिया जाएगा। तीन माह तक प्रत्येक माह में दो बार राशन दिया जाएगा। एक बार सामान्य प्रक्रिया के तहत दूसरी बार योजना के तहत राशन मिलेगा। आपूर्ति विभाग पर्यवेक्षण में जुटा हुआ है। इधर राशन विक्रेताओं के सामने तकनीकि समस्या आ रही है। जो ई पॉश मशीन उन्हें उपलब्ध कराई गई हैं उनमें तकनीकि समस्या के कारण विधिवत संचालन नहीं हो पा रहा है।