मैनपुरी। पंचायती राज विभाग में 34 लाख रुपये के घोटाले के मामले में निलंबित सफाईकर्मी को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। बुधवार को उसे जेल भेजा गया। जुलाई 2020 में डीपीआरओ की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
कोतवाली क्षेत्र के गांव हरिहरपुर निवासी कूलभूषण सिंह पंचायती राज विभाग में सफाईकर्मी के पद पर तैनात थे। 2020 में विभागीय वेतन को दूसरे खातों में भेजने के मामले में उसके खिलाफ 34 लाख रुपये घोटाले का मामला सामने आया था। विभगीय जांच के बाद डीपीआरओ स्वामीदीन ने कोतवाली में कूलभूषण के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
इस बीच आरोपी की ओर से कुछ रुपये जमा भी कराए गए। लेकिन आरोपी न तो पुलिस की गिरफ्त में आया न हीं न्यायालय में समर्पण किया। बुधवार को कोतवाली पुलिस ने धोखाधड़ी के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। सीओ अभय नरायण राय ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। वहां से उसे जेल भेजा गया है।