कोरोना वायरस के लक्षण होने की शिकायत लेकर बृहस्पतिवार को जिला अस्पताल पहुंचे रत्न कारोबारी को देख अस्पताल में हड़कंप मच गया। सूचना पर डॉक्टरों की टीम ने पीड़ित की जांच की, लेकिन उसमें इस बीमारी के कोई लक्षण नहीं मिले। घर वाले दिल्ली में जांच कराने की बात कह रहे हैं।
राया निवासी रत्न कारोबारी रविंद्र कुमार (48) मास्क पहने जिला अस्पताल के आपातकाल विभाग में पहुंचे। रविंद्र ने वहां इमरजेंसी में मौजूद डॉ. राजेंद्र को बताया कि वह पिछले दिनों श्रीलंका से लौटे हैं। उन्हें कोरोना वायरस के लक्षण लग रहे हैं। सांस लेने में परेशानी हो रही है।
यह सुन डॉ. राजेंद्र ने सीएमएस डॉ. आरएस मौर्य को जानकारी दी। कोरोना वायरस की जानकारी पर सीएमएस ने फिजिशियन डॉ. रवि माहेश्वरी, डॉ. रितुरंजन और डॉ. अशोक सहित फार्मासिस्ट की टीम को जांच के लिए भेजा।