स्वाइन फ्लू के संदिग्ध मरीज की मंगलवार देर शाम मृत्यु हो गई। मथुरा निवासी बुजुर्ग एसएन मेडिकल कालेज के एनेस्थीसिया विभाग स्थित आईसीयू में भर्ती थे। प्राइवेट लैब की रिपोर्ट में मरीज को इंफ्लुएंजा ए था। मरीज की गंभीर हालत के चलते सैंपल नहीं लिया जा सका। हालांकि चिकित्सकों ने स्वाइन फ्लू का इलाज शुरू कर दिया था। मौत के पीछे चिकित्सक फेफडे़ फेल होना बता रहे हैं।
मथुरा के 60 साल के बुजुर्ग को सोमवार की दोपहर इमरजेंसी लाया गया था। वेंटिलेटर पर होने के चलते तत्काल उन्हें आईसीयू वार्ड भर्ती किया गया। निजी लैब की रिपोर्ट में इंफ्लुएंजा ए की पुष्टि हुई थी। स्वाइन फ्लू की संभावना पर तत्काल इलाज शुरू कर दिया गया। हालत नहीं सुधारी। मंगलवार की देर शाम मरीज ने दम तोड़ दिया। डा. आशीष गौतम ने बताया कि बेहद गंभीर हालत में मरीज को निजी अस्पताल से यहां लाया गया। मरीज के वेंटिलेटर पर होने के कारण सैंपल लेना संभव नहीं था। एडल्ट रेस्प्रिरेटरी डिस्ट्रैस सिंड्रोम (एडीआरएस) के चलते फेेफड़े डैमेज हो गए थे, यह स्वाइन फ्लू या फिर निमोनिया के चलते भी संभव है। सीएमओ डा. एचएस दानू ने बताया कि फ्लू से मरीज की मौत नहीं हुई। इंफ्लुएंजा ए से स्वाइन फ्लू की पुष्टि नहीं होती। फिर भी इलाज शुरू कर दिया था।
दो और सैंपल, एक भर्ती
बुधवार को भी दो मरीजों के सैंपल लिए गए। इसमें जयपुर हाउस निवासी 14 साल का किशोर और जीवनमंडी का 15 माह का शिशु है। परिजनों ने प्राइवेट लैब में जांच करवाई। सैंपल नोडल प्रभारी डा. एसके सिंह ने बताया कि अब तक 43 मरीजों के सैंपल दिल्ली भेजे हैं। किशोर को एसएन मेडिकल कालेज स्थित आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया है। यहां के प्रभारी डा. मनोज कुमार ने बताया कि इलाज शुरू कर दिया गया है।
इन्फ्लुएंजिनम सीरप का स्टाक खत्म
- स्वाइन फ्लू के संदिग्ध मरीजों की बढ़ी संख्या के चलते होम्योपैथिक दवा इंफ्लुएंजिनम सीरप बाजार में खत्म हो चुकी है। फुटकर और थोक विक्रेताआें के पास भी स्टाक नहीं है। आगरा महानगर केमिस्ट एसोसिएशन के सचिव पुनीत कालरा ने बताया कि आगरा में वैक्सीन नहीं है, होम्योपैथिक दवा की एकाएक मांग बढ़ गई है।
एएनएम और आशाओं को दिशा-निर्देश
स्वाइन फ्लू की चपेट में सर्वाधिक बच्चे हैं। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचने वाले संदिग्ध मरीजों को तत्काल एसएन मेडिकल कालेज भेजने को कहा गया है। वहीं सीएमओ ने एएनएम और आशाओं को महिलाओं को जागरूक करने के लिए दिशा-निर्देश दिए हैं।
वायरल से बालिका की मौत, स्वाइन फ्लू की आशंका
फतेहपुर सीकरी (ब्यूरो)। राजस्थान सीमा से सटे गांव दाउदपुर के मजरा उत्तू में वायरल से एक बालिका की मौत हो गई। मौत के पीछे परिजनाें ने स्वाइन फ्लू की संभावना जताई है। गांव उत्तू निवासी सुरेंद्र सिंह की पुत्री रानी (11) को कई दिनों से बुखार आ रहा था। जुकाम-खांसी के अलावा शरीर में अकड़न थी। सीएचसी के प्रभारी डा. धर्मेश्वर श्रीवास्तव का कहना है कि उनके पास बालिका की मौत की कोई जानकारी नहीं है। यदि ऐसा है तो स्वास्थ्य टीम भेजकर जांच कराई जाएगी। उन्होंने ग्रामीणों को सलाह दी है कि स्वाइन फ्लू से बचाव के लिए बुखार से पीड़ित व्यक्ति अपने मुंह को रुमाल से ढककर रखें।