नए साल पर शहर में कुछ जगहों पर बूंदाबांदी और बारिश हुई। मौसम विभाग के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर तक बारिश के आसार बने रहेंगे। अरब सागर से आए बादलों और वेस्टर्न डिस्टरबेंस की हवाओं के मिलन से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आगरा समेत कई जिलों में बारिश के आसार हैं।
गुरुवार को राजपुर चुंगी, शमसाबाद रोड के गांवों में दोपहर को बारिश हुई, जबकि राजेश्वर मंदिर के पास बूंदाबांदी हुई। सुबह से ही बादलों ने डेरा जमा लिया। गुरुवार को अधिकतम तापमान 21.3 डिग्री सेल्सियस पर तो न्यूनतम तापमान 10.9 डिग्री सेल्सियस हो गया। न्यूनतम तापमान के साथ दिन में भी पारा उछला है। इससे गलन भरी सर्दी से बेहाल हुए शहर के लोगों को राहत मिली है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान केंद्र के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर तक बारिश के आसार बन रहे हैं। गुरुवार-शुक्रवार की रात से ही बूंदाबांदी की संभावना रहेगी। दिन में पारा नीचे लुढ़क सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान स्थिर रहने के आसार हैं। बारिश और बादलों के कारण ठिठुरन बढ़ जाएगी।