नए साल की पहली सुबह ताजमहल पर युवाओं की खासी भीड़ रही। इनमें हनीमून और न्यू ईयर मनाने आगरा आए दिल्ली-एनसीआर के युवा अधिक थे। दिसंबर के आखिरी तीन दिनों के उलट ताज पर सैलानियों की दो गुनी भीड़ दर्ज की गई।
विज्ञापन
गुरुवार को मौसम के तेवर कुछ नरम पड़े तो ताजमहल पर सैलानियों की तादात बढ़ गई। पश्चिमी गेट पर शाम तक भारी भीड़ लगी रही। जबकि पूर्वी गेट पर ई-टिकट शुरू होने से शिल्पग्राम स्थित काउंटर और प्रवेश द्वार पर कतारें नहीं लगीं।
क्रिसमस से लेकर नए साल तक सप्ताह भर में तकरीबन दो लाख सैलानियों ने ताजमहल का दीदार किया। इनमें से तीन दिन 29, 30 और 31 दिसंबर को पर्यटकों की संख्या में कमी आई। यह शीतलहर का प्रकोप था या नए साल पर ही ताज आने की प्लानिंग। नए साल के मुकाबले तीनों ही दिन लगभग आधे सैलानी ही ताजमहल पर पहुंचे।