आगरा में टोरंट पावर कंपनी के खिलाफ सपोर्ट इंडिया संस्था के साथ-साथ विभिन्न संगठनों ने प्रदर्शन किया। शहर के 15 थानों में लोगों ने ज्यादा बिल सहित अन्य समस्याओं को दूर करने की मांग की। इस दौरान जिलाधिकारी के नाम एक ज्ञापन भी सौंपा गया।
विज्ञापन
सपोर्ट इंडिया के अध्यक्ष सुरेश चंद्र सोनी के नेतृत्व में हजारों रविवार को जगदीशपुरा थाने पर लोग पहुंचे। इस दौरान जिलाधिकारी के नाम ज्ञापन दिया गया। सुरेश सोनी ने कहा कि टोरंट पावर कंपनी में गुजरात, दिल्ली के अधिकारी और कर्मचारी रखे गए हैं, जबकि स्थानीय बेरोजगारों को नौकरी मिलनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि टोरंट कंपनी के मीटर तेज गति से दौड़ रहे हैं, जिससे ज्यादा बिल आ रहा है। इनकी इंजीनियरों से जांच की जानी चाहिए। जबरन घर में घुसने पर रोक लगनी चाहिए। सोनी ने बताया कि कंपनी की ओर से एक लाख लोगों के असिसमेंट गलत तरीके से बनाए गए हैं। इससे बडे़ पैमाने पर धन वसूली की गई है।
विज्ञापन
सुरेश चंद्र सोनी ने कहा कि अगर, तीन दिन के अंदर अफसर नहीं सुनते हैं तो सभा करके घोषणा की जाएगी, जिससे टोरंट कर्मचारियों का जगह-जगह विरोध होगा। जगदीशपुरा क्षेत्र में प्रदर्शन में हजारों लोग शामिल हुए। इस दौरान काफी देर तक रोड पर जाम के हालात रहे।
यह थी मांग
कंपनी आगरा के बेरोजगारों को रोजगार दे।
कंपनी बीपीएल कार्डधारकों को मुफ्त बिजली दे।
वृद्ध, विधवा महिला, विकलांग और कैंसर पीड़ितों को मुफ्त बिजली दें।
कंपनी गलत असिसमेंट करके एफआईआर के नाम पर जनता का उत्पीड़न बंद करे।
लोगों के खिलाफ दर्ज कराए गए मुकदमे वापस होने चाहिए।
थाना जगदीशपुरा में सुरेश चंद्र सोनी, थाना न्यू आगरा में रामवीर सिंह कर्दम, नाई की मंडी में अनिल सोनी, बृजेश चाहर, लोहामंडी में मिशन सुरक्षा परिषद के प्रमोद कैन, प्रियंका वरुण, मंटोला में तेज प्रकाश, सपना सिंह, एमएम गेट में अजय कर्दम, कोतवाली में राजेश पिप्पल, सलाउद्दीन, रहमत अली, छत्ता में अविनाश पिप्पल, एत्माद्दौला में मनोज कुमार चाहर, चंद्रपाल चाहर, दीपक चाहर, सिकंदरा में डॉ. वीर सिंह जगरवाल, अनिल भिंडरवाल, हरीपर्वत में वीर वाल्मीकि ग्रुप के रवि करोतिया, नानू गुलजार, श्रीकांत, रवि लोहिया, सर्वेश, राहुल देव ने जिलाधिकारी के नाम ज्ञापन दिया।