उत्तराखंड में भारी बारिश के कारण नदियों में पहाड़ों का मलबा गिरने से गंगाजल में भारी मात्रा में सिल्ट आ रही है, जिस वजह से अपर गंगा कैनाल के जरिए आगरा को 140 एमएलडी गंगाजल सोमवार को कम मिल पाया। इस पानी में सामान्य से 20 गुना ज्यादा सिल्ट यहां पहुंच रही है। सोमवार को अपर गंगा कैनाल का रेगुलेटर बंद का दिया गया, जहां से आगरा के लिए पानी भेजा जाता है। इससे अगले दो दिन पूरे शहर में पानी का संकट रहेगा।
जून के महीने में लगातार तीसरी बार गंगाजल की सप्लाई में कमी हुई है। रविवार रात से सोमवार शाम तक आगरा को मिल रहे गंगाजल में तेजी से कमी होनी शुरू हो गई। 370 एमएलडी पानी आगरा को हर दिन मिल रहा था, लेकिन सोमवार को केवल 230 एमएलडी ही मिल पाया, इसमें भी सिल्ट की मात्रा अधिक है।
इस पानी में से 120 एमएलडी जीवनी मंडी वाटरवर्क्स को दिया गया, जबकि 110 एमएलडी का शोधन सिकंदरा वाटरवर्क्स से किया गया। जिस तेजी से पानी में कमी आ रही है, उसे देखते हुए अगले दो दिनों में पानी का संकट गहराने के आसार हैं। पूर्व की तरह गंगाजल महज 50 से 70 एमएलडी तक ही रह सकता है।