सनी की मौत पर सदमे में पिता और परिजनों के जेहन में उठ रहे सवाल
बाह। बासौनी के पुरोहितन पुरा (बरहा) गांव स्थित ननिहाल में 18 जनवरी को दोपहर 2 बजे उतरते समय साड़ी की रस्सी टूटने से कुए में गिरे पार्वतीपुरा गांव के बालक सनी (10) की मौत हो गई थी। 19 जनवरी को 24 घंटे बाद उसका शव बरामद हुआ था। प्रभारी निरीक्षक बासौनी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कुए में गिरने के बाद सनी के कौमा में आने से जान जाने की बात सामने आई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है।
सनी की मौत के बाद पिता संजू सदमे में हैं। संजू और उसके परिजन ने सवाल उठाया है कि आखिर कुएं के चारों ओर लगे तारों में दौड़ रहे करंट को किसने बंद किया? सवाल ये भी है कि साड़ी की रस्सी कमर में बांध कर कुए में सनी के उतरते समय वहां पर कौन मौजूद था? सनी की मौत से सुधबुध खोई मां मीरा की आंखों में आंसू नहीं रुक रहे हैं। उन्होंने बताया कि बेटे को अच्छी परिवरिश के लिए ननिहाल भेजा था, लेकिन ईश्वर ने उसे महज 10 साल की उम्र में ही छीन लिया। बतादें कि 18 जनवरी को साइकिल का टायर लेकर खेल रहे सनी के लापता होने पर नाना गुरनरायन ने बासौनी थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। 24 घंटे बाद 19 जनवरी को गांव के कुएं में सनी का शव मिलने से परिजनों के जेहन में कई सवाल उठ रहे हैं। कुएं में साइकिल पड़ी होने के बहकावे में आकर सनी घर से नानी की साड़ी लाया और कमर में उसकी रस्सी बांध कर कुएं में उतरते समय रस्सी टूटने से हादसे का शिकार हो गया, लेकिन परिजनों के गले हादसे की बात उतर नहीं रही है।