मैनपुरी। थाना कोतवाली क्षेत्र केे गांव नगला पाई में पत्नी के मायके जाने से परेशान युवक ने रविवार की रात अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी।
नगला पाई निवासी प्रभाकर (20) की शादी एक साल पहले मीरा देवी निवासी मोहम्मदाबाद जिला फर्रुखाबाद के साथ हुई थी। 28 जुलाई को मीरा देवी रक्षाबंधन के त्योहार पर मायके चली गई थी। पत्नी के मायके जाने के बाद वह परेशान था। परिजनों के अनुसार प्रभाकर रोजाना अपनी पत्नी से मोबाइल पर बात भी करता था।
रविवार की शाम वह रोज की तरह खाना खाने के बाद अपने कमरे में चला गया। रात में उसने कमरे में कुंडे से फांसी लगाकर जान दे दी। परिवार के लोगों ने रात में ही पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिवार के लोगों से जानकारी जुटाने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया।
परिवार में मचा कोहराम
प्रभाकर की मौत की सूचना मिलते ही उसकी पत्नी मीरा देवी मायके के लोगों के साथ ससुराल पहुंच गई। प्रभाकर का शव देख परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी मीरा देवी और बहिन गुड्डी का रो-रोकर बुरा हाल था।