पटियाली। कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला मंशा में सोमवार दोपहर को एक किशोरी का शव संदिग्ध हालात में घर के ही कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिला। मां के घर पहुंचने पर मामले की जानकारी हुई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मां ने हत्या का आरोप लगाया है।
गांव नगला मंशा निवासी सरस्वती (14) पुत्री प्रेम सिंह घर में मां के साथ रहती है। उसके पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। सोमवार सुबह सरस्वती की मां किसी काम से कस्बा पटियाली गईं थी। जब दोपहर में वह लौटकर आई तो घर के कमरे में किशोरी का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला।
जानकारी पर सीओ पटियाली गवेंद्र गौतम, इंस्पेक्टर शैलेंद्र प्रताप पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने किशोरी का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मां ने गांव के ही कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। हालांकि पुलिस अभी प्रथम दृष्टया इसे आत्महत्या मान रही है।
- घर के कमरे में किशोरी का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। प्रथम दृष्टया आत्महत्या ही माना जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो जाएगा। - शैलेंद्र प्रताप, कोतवाली प्रभारी।