पटियाली। सिकंदरपुर वैश्य के ग्राम बड़ोला में एक युवक ने गोली मारकर आत्महत्या कर ली। इससे परिवार में शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। पुलिस ने युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
संतोष (28) पुत्र श्रीपाल निवासी बड़ोला सिकंदरपुर वैश्य की छोटी बहन रश्मि की मंगलवार को शादी थी। इसके चलते परिवार में हंसी खुशी का माहौल था। देर रात अचानक परिवार में संतोष का किसी बात पर विवाद हो गया। तभी संतोष ने घर की छत पर जाकर गोली मार ली। आवाज सुनकर परिजन छत की ओर भागे। वहां संतोष लहूलुहान पड़ा था। वे लोग उसे तुरंत अस्पताल ले गए, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
जानकारी मिलते ही शादी की खुशियां मातम में बदल गई। विवाह की रस्मों की अदायगी करने के बाद रश्मि की विदाई कर दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी दशरथ सिंह ने बताया कि युवक कुछ दिनों से मानसिक तनाव में चल रहा था। इसके चलते उसने गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
पत्नी गर्भवती है
संतोष के एक 3 साल का बेटा है। जबकि उसकी पत्नी उर्मिला इस समय गर्भवती है। पति के आत्महत्या कर लेने से वह सदमे में है।