भोगांव। गांव विनोदपुर निवासी युवक ने झगड़े के बाद पत्नी को कमरे में बंद कर दिया। इसके कुछ देर बाद फांसी लगाकर जान दे दी। मंगलवार की सुबह आसपास के लोगों ने पुलिस को युवक की मौत के बारे में सूचना दी।
थाना क्षेत्र के गांव विनोदपुर निवासी 22 वर्षीय रवि सक्सेना ठेल लगाकर मोमो बेचता था। लॉकडाउन में उसकी शादी संध्या के साथ हुई थी। वह पत्नी के साथ अब कांशीराम कॉलोनी स्थित आवास पर रह रहा था।
सोमवार की रात को उसका पत्नी से किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। गुस्से में आकर रवि ने पत्नी को दूसरे कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद वह कमरे में चला गया। कुछ देर बाद पत्नी सो गई। मंगलवार की सुबह जब जागी तो पति को आवाज लगाई। कोई जवाब न आने पर शोर मचाकर कॉलोनी के लोगों को बुलाया।
लोगों ने उसे दरवाजा खोल कर बाहर निकाला। सभी जब रवि के कमरे में गए तो देखा कि उसका शव फंदे पर लटका हुआ था। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने शव को उतरवाने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा। रवि ने खुदकुशी क्यों कि इसके बारे में परिजन कोई जानकारी नहीं दे सके। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई करने की बात कह रही है।