मैनपुरी। जिले के युवाओं को सविल सेवा के साथ नीट और जेईई में सफलता के लिए मुख्यमंत्री अभ्युदय कोचिंग का संचालन किया जा रहा है। इस कोचिंग में शिक्षा सत्र 2025-26 के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। प्रशिक्षकों की तैनाती के लिए विज्ञापन जारी किया जा चुका है। नवीन सत्र में विषय विशेषज्ञ ही यहां प्रशिक्षण देते नजर आएंगे।
जिला प्रशासन की ओर से शहर के राजकीय पुस्तकालय में मुख्यमंत्री अभ्युदय कोचिंग का संचालन किया जा रहा है। शिक्षा सत्र 2025-26 के लिए यहां तैयारियां तेज कर दी गई हैं। शासन के आदेश पर यहां सिविल सेवा के साथ ही जिले के शिक्षित युवाओं को सविल सेवा के साथ, नीट और जेईई की तैयारी कराई जाएगी। शासन की ओर से नवीन सत्र में प्रशिक्षक के लिए गाइड लाइन जारी कर दी गई है। नई गाइड लाइन के आधार प विज्ञप्ति जारी कर प्रशिक्षकों की तलाश शुरू कर दी गई है। जिले में तैनात अधिकारी भी प्रति सप्ताह एक वादन लेंगे।
सिविल सेवा के लिए प्रशिक्षक का मानक
सिविल सेवा की तैयारी कराने के लिए उसी व्यक्ति को प्रशिक्षक की जिम्मेदारी दी जाएगी जो कम से कम दो बार पीसीएस और एक बार आईएएस की मुख्य परीक्षा में शामिल हुआ हो। इसके साथ ही सहायता प्राप्त कॉलेज के असिस्टेंट प्रोफेसर को प्रशिक्षक के रूप में जिम्मेदारी दी जाएगी।
जेईई और नीट के लिए यह रहेगी योग्यता
शासनादेश के तहत जेईई और नीट का प्रशिक्षण देने के लिए संबंधित विषय से एमएससी प्रथम श्रेणी में पास करने वाले शिक्षित व्यक्ति को ही जिम्मेदारी दी जाएगी। इसके साथ ही एमबीबीएस डिग्री धारक से प्रशिक्षण दिलाया जाएगा।
मुख्यमंत्री अभ्युदय कोचिंग के लिए पुराना सत्र 25 अप्रैल को समाप्त होने जा रहा है। नवीन सत्र के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। प्रशिक्षकों की तैनाती के लिए शासन से जारी गाइड लाइन का पालन किया जाएगा। - जय प्रकाश सिंह, कोर्स को-ऑर्डिनेटर मुख्यमंत्री अभ्युदय कोचिंग, मैनपुरी