मैनपुरी। करहल क्षेत्र के सिमरऊ इलाके के 100 से अधिक गांव के करीब पांच हजार लोगों को पर्याप्त बिजली आपूर्ति मिलेगी।
ओवरलोडिंग की समस्या का समाधान होगा। बार-बार ट्रिपिंग भी नहीं होगी। बिजली विभाग ने निर्बाध आपूर्ति के लिए सिमरऊ उपकेंद्र पर लगे ट्रांसफार्मर की क्षमता में वृद्धि कराई है। पांच एमवीए के स्थान पर मंगलवार को यहां 10 एमवीए के नए ट्रांसफार्मर की स्थापना करा दी गई। इससे निर्बाध बिजली की आपूर्ति का रास्ता साफ हो गया है।
एसडीओ सुखवीर सिंह ने बताया कि सिमरऊ बिजली केंद्र पर पांच-पांच एमवीए के दो ट्रांसफार्मर लगे थे। इनमें से एक पांच एमवीए के ट्रांसफार्मर को हटाकर वहां 10 एमवीए का ट्रांसफार्मर लगा दिया गया है। अब यहां 10 के स्थान पर 15 एमवीए की क्षमता हो गई है। बिजनेस प्लान योजना में क्षमता वृद्धि का प्रस्ताव भेजा गया था। इसी के तहत ये कार्रवाई हुई है।