फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सुबहे बनारस, शामे अवध अब ताजमहल से दूर नहीं

Thu, 26 Mar 2015 02:10 AM IST
ब्यूरो, अमर उजाला
विज्ञापन
विज्ञापन
सुबहे बनारस और शामे अवध के साथ ताजमहल का हुस्न निहारना भी और आसान होगा। हेरिटेज आर्क के ये तीनों शहर अप्रैल से विमान सेवा से जुड़ जाएंगे। आगरा-लखनऊ के बीच 18 सीटर विमान सेवा नार्थ ईस्ट शटल कंपनी शुरू करेगी। इस रूट पर सेवा बरकरार रखने के लिए 20 फीसदी सीटों के भुगतान की जिम्मेदारी सरकार की होगी। विमान सेवा के जरिए ताजनगरी से नवाबों के शहर में महज 55 मिनट में पहुंचा जा सकेगा।
विज्ञापन

आगरा-लखनऊ, लखनऊ-इलाहाबाद और लखनऊ-बनारस के बीच विमान सेवा की कवायद लगभग पूरी हो चुकी है, तिथि भी जल्द तय हो जाएगी। इनमें हेरिटेज आर्क के शहर, आगरा, लखनऊ और बनारस हैं। सबसे पहले लखनऊ-इलाहाबाद के बीच नार्थ ईस्ट शटल सेवा शुरू होगी। विमान सेवा को नागरिक उड्डयन महानिदेशक (डीजीसीए) और एयरपोर्ट अथारिटी आफ इंडिया (एएआई) से मंजूरी मिल गई है। बुधवार को पर्यटन सचिव अमृत अभिजात और शटल की कैप्टन शोभा मणि ने उड़ान के लिए एमओयू पर दस्तखत भी किए। इन शहरों के बीच विमान सेवा सफल होने पर मेरठ, मुरादाबाद, गोरखपुर और चित्रकूट को जोड़ने की कवायद की जाएगी। आगरा तक की दूरी महज 55 मिनट में पूरी हो सकेगी, जबकि लखनऊ से इलाहाबाद महज 20 मिनट में।

बार-बार बदली गई पालिसी
एक साल पहले शुरू की गई विमान सेवा की कवायद पर तकरीबन 18 कंपनियों ने रुचि दिखाई थी। प्रदेश सरकार ने एयर ट्रैफिक पालिसी भी लांच की, लेकिन इससे आपरेटर और विमान सेवा प्रदाता कंपनियों ने अपने हाथ पीछे खींच लिए। प्रदेश के पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश सरकार के लिए यह विमान सेवा नाक का सवाल बन गई है। इसके लिए पालिसी को कई बार बदला गया। अब विमान की कुल सीटों के 50 फीसदी का भुगतान प्रदेश सरकार करेगी। यूपी टूरिज्म के क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी दिनेश कुमार ने बताया कि हेरिटेज आर्क को आपस में जोड़ने में यह विमान सेवा मददगार होगी। इसके साथ हेरिटेज आर्क का प्रचार भी होगा और सैलानियों की तादात भी इन शहरों में बढ़ेगी।
विज्ञापन


जरूरत आगरा-बनारस की ज्यादा
बौद्ध सर्किट को आगरा से जोड़ने के लिए पर्यटन उद्यमियों का मानना है कि आगरा-बनारस के बीच फ्लाइट शुरू की जाए। इस समय एयर इंडिया की उड़ान दिल्ली-बनारस-आगरा-खजुराहो चल रही है। बनारस से आगरा तो पर्यटक आ सकते हैं, लेकिन आगरा से बनारस जाना उनके लिए आसान नहीं है। नार्थ ईस्ट शटल की लखनऊ-आगरा की जगह आगरा-बनारस उड़ान को पर्यटन उद्यमी मुनाफे का सौदा मान रहे हैं।

क्या है हेरिटेज आर्क
आगरा, लखनऊ और वाराणसी को प्रदेश सरकार ने हेरिटेज आर्क के रूप में घोषित किया है। पर्यटन के चर्चित गोल्डन ट्रांयगल यानी आगरा-जयपुर-दिल्ली की तर्ज पर प्रदेश सरकार टूर आपरेटरों, ट्रेवल कंपनियों के बीच सूबे के इन तीनों शहरों में टूर बनाने के लिए प्रोत्साहित कर रही है। विदेशी सैलानियों की तादात आगरा, वाराणसी में ही ज्यादा है।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें