आगरा के थाना लोहामंडी में दर्ज अमानत में खयानत के केस में दुकानदार को नोटिस तामील कराने पहुंचा दरोगा अपना आपा खो बैठा। आरोप है कि थाने चलने में देरी करने पर गिफ्ट दुकानदार को पांच-छह तमाचे जड़ दिए। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। शुक्रवार को फुटेज वायरल होने पर जांच कर दरोगा को निलंबित कर दिया गया। यह हाल तब है, जब हाल ही में पुलिस आयुक्त जे रविन्दर गाैड ने पुलिसकर्मियों को शिष्टाचार का पाठ पढ़वाया है।
मथुरा निवासी महिला ने पुलिस को बताया कि 3 साल पहले रुपयों की आवश्यकता थी। इसलिए गोकुलपुरा के गिफ्ट शॉप संचालक शिवम वर्मा से रुपये उधार लिए थे। इसके बदले में 2 लाख रुपये कीमत की सोने की चेन गिरवी रखी थी। अब वह रुपये दे चुकी हैं। एसीपी लोहामंडी मयंक तिवारी ने बताया कि महिला ने दुकानदार से चेन वापस करने के लिए कहा था। मगर, वह चेन वापस करने के लिए राजी नहीं हुआ।
यह कहा कि 90 हजार रुपये वापस कर देगा। मगर, रुपये नहीं दिए। इस बारे में पंचायत भी की। पुलिस को शिकायत मिलने पर दुकानदार को थाने बुलाया गया। मगर, वह हर बार टालमटोल करता रहा। इससे दुकान पर पुलिस भेजी गई थी। दुकानदार ने केस दर्ज होने पर ही थाने आने की बात कही। मामले में एक सप्ताह पहले अमानत में खयानत की धारा में केस दर्ज कर लिया गया। इसमें राजकुमार वर्मा, शिवम वर्मा सहित तीन लोग आरोपी हैं।
विवेचना चौकी प्रभारी गोकुलपुरा राकेश साहू कर रहे थे। बृहस्पतिवार शाम तकरीबन साढ़े पांच बजे चौकी प्रभारी नोटिस तामील कराने के लिए दुकान पर पहुंचे। आरोप है कि चौकी प्रभारी ने ग्राहक के सामने ही शिवम वर्मा को थाने चलने के लिए कहा। इस पर वह दुकान बंद करने लगे। अचानक देरी करने का आरोप लगाते हुए चौकी प्रभारी ने दुकानदार को पांच-छह तमाचे जड़ दिए। इसके बाद पकड़कर चौकी पर ले आए।
आरोप है कि चौकी पर भी मारपीट की गई। शिवम वर्मा की मां नीलम सोनी ने शिकायत की। शिकायत में लेन-देन के विवाद में पुलिस पर परेशान करने का आरोप लगाया। शुक्रवार को पीड़ित व्यापारी ने घटना की जानकारी अपने रिश्तेदारों को दी। इस पर सीसीटीवी फुटेज वायरल हो गए।
एसीपी की जांच में हुई पुष्टि
डीसीपी सिटी सोनम कुमार ने बताया कि मामले में एसीपी लोहामंडी मयंक तिवारी से जांच कराई गई। उनकी रिपोर्ट में मारपीट और अभद्रता की पुष्टि हुई। इसी आधार पर चौकी प्रभारी को निलंबित कर दिया गया। जांच कराई जा रही है।
विशेषज्ञों ने दी थी अच्छे व्यवहार की सीख
पुलिस आयुक्त जे रविन्दर गाैड ने हाल ही में पुलिसकर्मियों को विशेषज्ञों की टीम से शिष्टाचार का पाठ पढ़वाया था। लोगों से अच्छे व्यवहार करने के लिए पुलिसकर्मियों को सीख भी दी थी। हर क्राइम मीटिंग में भी अच्छे व्यवहार के लिए बताया जाता है। आरोप है कि इसके बावजूद पुलिसकर्मियों के व्यवहार में परिवर्तन नजर नहीं आ रहा है।