आगरा के नगला वीरभान प्राथमिक विद्यालय में दो शिक्षक लगातार पांच और छह दिन तक अनुपस्थित मिले। ग्रामीणों की शिकायत पर निरीक्षण के बाद बीएसए ने दोनों को कारण बताओ नोटिस जारी कर 24 सितंबर तक जवाब मांगा है।
बच्चे रोज स्कूल पहुंचते रहे लेकिन उन्हें पढ़ाने वाले गुरुजी ही कई-कई दिन से गायब थे। ग्रामीणों की शिकायत पर हुई जांच में नगला वीरभान प्राथमिक विद्यालय में तैनात दो शिक्षकों की लगातार अनुपस्थिति सामने आई। एक शिक्षक पांच दिन से स्कूल नहीं आए थे तो दूसरे की गैरहाजिरी छह दिन की मिली। मामले में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राकेश सिंह ने दोनों शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
विज्ञापन
शिकायतकर्ताओं ने आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत कर आरोप लगाया था कि शिक्षक नियमित रूप से विद्यालय नहीं आते और बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इसके बाद विभागीय टीम ने विद्यालय का निरीक्षण किया। जांच में सहायक अध्यापक रामाकांत पांडेय पांच दिन और सहायक अध्यापक संजय कुमार सागर छह दिन से लगातार अनुपस्थित मिले। इससे पहले भी अलग-अलग तारीखों पर किए गए निरीक्षणों में दोनों शिक्षकों की अनुपस्थिति सामने आ चुकी है।
बीएसए डॉ. राकेश सिंह ने बताया कि दोनों शिक्षकों से 24 सितंबर को शाम चार बजे तक कार्यालय में उपस्थित होकर लिखित स्पष्टीकरण देने को कहा है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर विभागीय नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।