सहावर। गांव जमालपुर की छात्रा ने शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंचकर उसके घर के पास बिक रही अवैध शराब की शिकायत एसडीएम सहावर से की है। प्रार्थना पत्र में उसने एसडीएम से अवैध शराब बचेने वाले लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंची इंटर की छात्रा ने एसडीएम अंजलि गंगवार को बताया कि उसके घर के सामने अवैध शराब की बिक्री होती है। लोग घर के बाहर ही शराब पीकर गालियां देते हैं। छात्रा ने बताया कि गांव के ही लोगों द्वारा अवैध शराब बेची जा रही है। इससे गांव के युवा भी नशे की चपेट में आ रहे हैं और अपना भविष्य खराब कर रहे हैं। छात्रा ने कहा कि रात में पढ़ाई के समय भी शराबियों की हरकतें चलती रहती हैं। इससे वह एकाग्रचित होकर पढ़ाई भी नहीं कर पाती है। छात्रा ने एसडीएम से समस्या का समाधान कराए जाने की मांग की है।