छात्र नेताओं का कहना है कि विश्वविद्यालय में छात्रों के सामने तमाम समस्याएं होती हैं, जिनके समाधान के लिए छात्रसंघ ही संघर्ष कर सकता है, लेकिन 2017 से आगरा विश्वविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव नहीं हुए हैं, जो छात्रों के हित में नहीं है।
आगरा विश्विद्यालय में छात्र संघ चुनाव कराए जाने की मांग को लेकर सोमवार को छात्र नेताओं ने प्रदर्शन किया। इस दौरान विवि प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की गई। छात्र नेताओं ने ऐलान किया है कि यदि उनकी मांगों को नहीं माना गया, तो विश्वविद्यालय का घेराव किया जाएगा।
विज्ञापन
छात्र नेता सौरभ चौधरी के नेतृत्व में सोमवार को छात्रों ने विवि के पालीवाल पार्क स्थित परिसर के मुख्य गेट तक पैदल मार्च निकाला। इस दौरान छात्रों ने अर्धनग्न होकर प्रदर्शन किया। आगरा विवि के गेट पर इन छात्रों को सिक्योरिटी गार्डों ने रोक दिया। विश्वविद्यालय के गेट पर ताला लगा दिया गया, जिसके बाद छात्र गेट पर ही बैठ गए और नारेबाजी करने लगे।
आधे घंटे तक नारेबाजी की। किसी के न आने पर मुख्य द्वार पर ज्ञापन चस्पा कर दिया। छात्र नेता सौरभ चौधरी ने ऐलान किया है कि यदि जल्द छात्रसंघ चुनाव नहीं करवाए गए तो सैकड़ों की संख्या में छात्र विश्विद्यालय का घेराव करेंगे। इस दौरान अमन चौधरी, अंकित यादव, नितिन यादव, अतुल यादव, नितिन चौहान, संतोष यादव, विशाल यादव, अभिषेक फौजदार, सतेंद्र सिंह, शिवम चौधरी आदि मौजूद रहे।