आगरा। यूपी बोर्ड परीक्षा में इरादतनगर के केंद्र पर एक छात्र जन्मतिथि बदलकर परीक्षा देते मिला। उसने आधार कार्ड में परिवर्तन करा लिया था। संयुक्त शिक्षा निदेशक ने मामला पकड़ा और छात्र की पूरी आख्या बोर्ड को भेजने के निर्देश दिए। वहीं कक्ष निरीक्षक के रूप में मौजूद मिले एक विषय शिक्षक को तुरंत हटाने के लिए भी कहा गया।
संयुक्त शिक्षा निदेशक डॉ. मुकेश अग्रवाल शुक्रवार को यूपी बोर्ड परीक्षा में पहली पाली में सैंया के मुखरई स्थित चंद्रभान सिंह इंटर कॉलेज का निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने बताया कि कक्ष संख्या पांच में विषय शिक्षक की ड्यूटी लगी थी। उन्हें तत्काल हटाने के निर्देश केंद्र व्यवस्थापक को दिए।
इसके बाद इरादतनगर स्थित सार्वजनिक इंटर कॉलेज में मुकेश उपमन (निवासी धौलपुर) नाम का एक परीक्षार्थी परीक्षा दे रहा था। उसकी जन्मतिथि 15 अगस्त 1999 पाई गई। वर्ष 2016 की हाईस्कूल परीक्षा में शामिल हुआ था। उसने शपथ पत्र लगाकर धौलपुर में अपने आधार कार्ड में जन्मतिथि में संशोधन कराते हुए 15 अगस्त 2024 करा लिया था। केंद्र व्यवस्थापक से कहा गया कि इसकी पूरी आख्या बोर्ड काे भेजें।
डॉ. मुकेश अग्रवाल ने आदर्श इंटर कॉलेज मियांपुर में नए केंद्र व्यवस्थापक को सचेत रहने के निर्देश दिए गए। इस केंद्र के बाहर पुलिस की तैनाती नहीं मिली। इस संबंध में जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर को तत्काल कार्रवाई के लिए कहा गया। उन्होंने पहली पाली में आठ और दूसरी पाली में नौ परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
दो घंटे बंद रहा कंट्रोल रूम का फोन नंबर
शुक्रवार को पहली पाली में राजकीय इंटर कॉलेज में बनाए गए मुख्य कंट्रोल रूम का नंबर करीब दो घंटे तक बंद रहा। बाद में बताया कि इसका चार्जिंग प्लग हट गया था, इसलिए थोड़ी देर बंद रहा। जिले में बनाए गए 154 परीक्षा के केंद्रों से सूचना के संकलन या परीक्षा के दौरान कोई समस्या होने पर सूचना देने के लिए कंट्रोल रूम का फोन नंबर 9997156949 जारी किया गया था।
इस बारे में डीआईओएस का वर्जन और आएगा।