अागरा के प्राथमिक विद्यालय, अजीजपुरा, बिचपुरी में शुक्रवार को फर्जी शिक्षक की पिटाई से कक्षा तीन के विद्यार्थी के कान का पर्दा फट गया। आसपास के लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने छात्र का जिला अस्पताल में इलाज कराया।
बीएसए ने प्राथमिक जांच के आधार पर प्रधानाध्यापिका को दोषी मानते हुए निलंबित कर दिया है। मामले की जांच कराई जा रही है। उदा का नगला निवासी आकाश प्राथमिक विद्यालय, अजीजपुर में कक्षा तीन में पढ़ता है।
शुक्रवार को एक विद्यार्थी के साथ उसकी धक्का-मुक्की हो रही थी, इस विद्यालय में पढ़ा रहे फर्जी शिक्षक गजेंद्र ने आकाश के बाएं कान पर थप्पड़ जड़ दिया। उसके कान से खून निकलने लगा।
गजेंद्र स्कूल से फरार हो गया। विद्यार्थी की रोने की आवाज सुनकर आसपास के लोग स्कूल पहुंच गए और 100 नंबर पर सूचना दी। पीआरवी पहुंच गई, आकाश को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले गई। परिवारीजन भी साथ थे।
विद्यालय की प्रधानाध्यापिका ललिता कुमारी के मुताबिक नरीपुरा का गजेंद्र विद्यालय आता है। उसने विद्यार्थी आकाश को चांटा मारा है।
गजेंद्र दो वर्ष पहले स्कूल में बीटीसी प्रशिक्षु के तौर पर विद्यार्थियों को पढ़ाया था। आकाश के पिता मजदूरी करते हैं। फिलहाल उनकी ओर से थाने में तहरीर नहीं दी गई है।
अब वह प्रशिक्षु भी नहीं है
बीएसए अर्चना गुप्ता का कहना है कि प्राथमिक जांच में पता चला है कि विद्यालय में कोई बाहरी व्यक्ति पढ़ा रहा था। वह दो वर्ष पूर्व विद्यालयों में बीटीसी प्रशिक्षु के तौर पर पढ़ाने आया था।
अब वह प्रशिक्षु भी नहीं है। प्रधानाध्यापिका को दोषी मानते हुए निलंबित कर दिया गया है। उससे पूछा जाएगा कि बाहरी व्यक्ति विद्यालय में कैसे पढ़ा रहा था। बिचपुरी के खंड शिक्षा अधिकारी को मामले की जांच दी गई है।