किशनी के गांव फरेंजी में भूख हड़ताल पर बैठे लोग
- फोटो : MAINPURI
किशनी। विकास खंड के गांव फरैंजी में भूख हड़ताल पर बैठे ग्रामीणों की हालत अब बिगड़ने लगी है। वे लगातार नौ दिनों से भूख हड़ताल पर है। ऐसे में अब हर गुजरता दिन उनके स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचा रहा है, लेकिन प्रशासन को इसकी कोई परवाह नहीं है। मौके पर पहुंची टीम ने ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की है। वे अब भी डिप्टी सीएम को बुलाने की मांग पर अड़े हैं।
फरैंजी में ग्राम प्रधान की ओर से विकास कार्यों में की गई अनियमितताओं और आवासों में वसूली को लेकर ग्रामीण भूख हड़ताल पर हैं। बीते बुधवार से ग्रामीणों ने भूख हड़ताल शुरू की थी। वे ग्राम प्रधान पर कार्रवाई कर गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं, लेकिन नौ दिनों बाद भी अब तक प्रशासन ने कार्रवाई नहीं की है।
बुधवार को एसडीएम प्रेमप्रकाश ग्रामीणों से मिलने पहुंचे थे, लेकिन उनसे ग्रामीणों ने प्रधान की गिरफ्तारी की मांग की थी। उन्होंने इस मामले में डीएम से वार्ता करने के बाद कोई निर्णय लेने की बात कही थी। गुरुवार तक उनका भी कोई जवाब नहीं आया। ग्रामीणों का कहना है कि चाहे कुछ भी हो जाए जब तक प्रधान की गिरफ्तारी नहीं हो जाती या खुद डिप्टी सीएम आकर कार्रवाई आश्वासन नहीं देते तब तक भूख हड़ताल जारी रहेगी।
वहीं, स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गुरुवार को भी जांच की। इसमें पता चला कि भूख हड़ताल पर बैठे ग्रामीणों की हालत बिगड़ती जा रही है। भूख हड़ताल पर बैठने वालों में रमन सिंह, राधेश्याम जाटव, रनवीर शाक्य, दिनेश सविता, भूरे कमल, अजय कुमार चतुर्वेदी शामिल हैं।