रंजिशन दबंगों ने युवक पर बोला हमला, लाठी डंडों से जमकर की मारपीट, फायरिंग का आरोप तीन घायल
बाह। होलीपुरा गांव में बृहस्पतिवार दोपहर 12 बजे करीब सरेराह गाली गलौज के विरोध पर राकेश और चतुर सिंह पक्ष भिड़ गए। कोई कुछ समझ पाता, उससे पहले ही दोनों पक्षों में पथराव शुरू हो गया। पथराव के बीच पहुंचे राकेश के भाई गजेंद्र और बेटे सचिन को भी हमलावरों ने पीट दिया। मारपीट के दौरान सिर में ईंट लगने से चतुर सिंह भी घायल हो गए। चीख पुकार पर पहुंची भीड़ ने मामला शांत कराया।
राकेश ने पुलिस को बताया कि वह खेत से घर लौट रहे थे। तभी चतुर सिंह पक्ष ने गाली गलौज के विरोध पर पथराव कर दिया, जिसमें वह और उनका बेटा तथा भाई घायल हुए हैं। वहीं, दूसरे पक्ष के चतुर सिंह ने मारपीट के लिए राकेश पक्ष को जिम्मेदार ठहराते हुए पुलिस को मारपीट का बनाया वीडियो भी दिखाया। बाह पुलिस ने घायलों राकेश, सचिन और चतुर सिंह का मेडिकल कराया है। प्रभारी निरीक्षक बाह ने बताया कि दोनों पक्ष मारपीट के लिए एक दूसरे को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। मेडिकल रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर कार्रवाई होगी।