पत्थर गिरने से घायल कृष्ण भक्त
- फोटो : अमर उजाला
वृंदावन के ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में शुक्रवार शाम उस समय अफरातफरी मच गई, जब मंदिर के चौक में बनी दीवार में लगी पत्थर की दो टाइल्स अचानक आकर भक्तों पर गिर गई। घटना में बालक समेत दो घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया है। प्राथमिक उपचार के बाद एक युवक को घर भेज दिया गया है।
अमावस्या पर शुक्रवार करीब 5:30 बजे भक्तों की भीड़ दर्शन को उमड़ रही थी, तभी अचानक गेट नंबर दो के प्रवेश द्वार से अंदर दायीं तरफ दीवार पर लगी दो पत्थर की टाइल्स टूटकर भक्तों पर आ गिरी। इस दौरान 18 वर्षीय अनिल कुमार ठाकुर पुत्र सौदान सिंह तथा 12 वर्षीय गगन निवासी आरके पुरम मथुरा घायल हो गए।
उनके सिर से खून बहने लगा। दोनों के सिर व हाथ में चोटें आईं हैं। टाइल्स गिरते ही मंदिर में अफरातफरी मच गई। सुरक्षाकर्मियों ने जैसे-तैसे श्रद्धालुओं से उस स्थान को खाली कराया और स्थानीय लोगों के सहयोग से गंभीर रूप से घायल गगन को अस्पताल में भर्ती कराया, उसके सिर में टांके लगे हैं, जबकि अनिल को प्राथमिक उपचार दिया गया।
मैनेजर मुनीष कुमार ने बताया कि करीब 12 वर्ष पूर्व यह टाइल्स लगाई गई थीं जो आज अचानक गिर गईं। घटना में दो युवकों के चोट आईं हैं। मंदिर की मरम्मत के लिए मंदिर प्रशासक को प्रस्ताव बनाकर भेजा जाएगा।