आगरा के सुल्तानगंज बाजार में चोरों ने भाजपा पार्षद के पेंट और हार्डवेयर शोरूम को 48 घंटे में दूसरी बार निशाना बनाया। विजय नगर पुलिस चौकी से महज 300 मीटर की दूरी पर स्थित शोरूम और पड़ोस के राज इलेक्ट्रॉनिक्स के शोरूम से करीब 50 हजार रुपये की नकदी व अन्य सामान साफ कर दिया। त्योहार पर लगातार वारदात से व्यापारियों में रोष है।
48 घंटे में दूसरी बार चोरी
कमला नगर निवासी मुरारीलाल गोयल की सुल्तानगंज की पुलिया पर गोयल पेंट्स एवं हार्डवेयर का दोमंजिला शोरूम हैं। बुधवार की रात को चोरों ने दुकान में पिछली दीवार से सेंध लगाकर हजारों रुपये की नकदी व पेंट आदि चोरी कर लिया था। शुक्रवार की रात को शोरूम में फिर चोरी हुई। इस बार चोरों ने शोरूम की छत पर पहुंचकर वारदात की। दो शोरूम की छतें काटीं। छत काटकर गोयल पेंट की दोनों दुकानों में गल्ले से तकरीबन 30 हजार रुपये की नकदी साफ कर दी। गोयल ने बताया कि पेंट का स्टॉक काफी है। ऐसे में 15-20 पेंट के डिब्बे चोरी होने का पता भी नहीं चल सकता है। नुकसान का आकलन करना अभी मुश्किल है।
ये भी पढ़ें - Karhal By-Election: असलहों का शौक और एक मुकदमा, मुलायम के दामाद अनुजेश यादव हैं करोड़पति; पढ़ें पूरा प्रोफाइल
दर्ज हुआ मुकदमा
शुक्रवार की रात चोरों ने विजय नगर निवासी राजीव शर्मा के राज इलेक्ट्रोनिक्स के शोरूम की छत से घुसकर गल्ले से हजारों की नकदी भी साफ कर दी। शनिवार की सुबह दुकानदारों के पहुंचने पर घटना की जानकारी हो सकी। घटना के संबंध में थाना हरीपर्वत में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस की गश्त पर उठे सवाल
व्यस्ततम चौराहे पर चोरी की घटनाओं से व्यापारियों में रोष है। उनका कहना है कि पुलिस चौकी से चंद कदम की दूरी पर चोर दुस्साहस कर रहे हैं। पुलिस को भनक तक नहीं लग पा रही है। चौराहे से रातभर भारी वाहनों का ट्रैफिक चलता है। सामने सीसीटीवी कैमरे भी लगे हैं। इसके बाद भी दो रात से चोरियां हो रही हैं। पुलिस की गश्त का बुरा हाल है।