आगरा। हाथरस रोड स्थित सेंट सीएफ एंड्रूज स्कूल में आयोजित 10वीं ताज कप हेक्सा स्पोर्ट्स चैंपियनशिप का भव्य समापन हो गया। अंतिम दिन एथलेटिक्स, कबड्डी और स्केटिंग प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
ताज कप स्पोर्ट्स फाउंडेशन के संस्थापक अध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता के समग्र प्रदर्शन के आधार पर एथलेटिक्स में सेंट सीएफ एंड्रूज स्कूल ने ओवरऑल चैंपियनशिप अपने नाम की। स्केटिंग प्रतियोगिता में सेंट एंड्रूज पब्लिक स्कूल, कमला नगर ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि आगरा स्केटिंग क्लब दूसरे और फौजी स्पोर्ट्स क्लब तीसरे स्थान पर रहा। वहीं कबड्डी प्रतियोगिता में शिवालिक पब्लिक स्कूल ओवरऑल चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया।
एथलेटिक्स प्रतियोगिता में अभिषेक, कनिष्का, तत्सव, सूरज, प्रांशु, नितिन और राधेश्याम सहित कई खिलाड़ियों ने स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। प्रतियोगिता के दौरान 60 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर, 800 मीटर दौड़ और लंबी कूद के मुकाबले आकर्षण का केंद्र रहे।
स्केटिंग प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने बेहतरीन संतुलन, गति और तकनीक का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का दिल जीत लिया। इस दौरान आयोजक अध्यक्ष उदय परिहार, कोषाध्यक्ष रघुदमन सिंह, सचिव उमेश कुमार, डॉ. सुनील कुमार उपाध्याय, हर्षिता गौर, तुषार सिंघल, प्रिंस कश्यप, काले सरदार, यश कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।