आगरा में खुफिया एजेंसियां अब ऐसे माफिया को चिन्हित करेंगी जो सफेदपोश होने की वजह से कार्रवाई से बचे हुए हैं। पुलिस और प्रशासन की सूची में इनका नाम ही नहीं आया। ये लोग शराब, खनन, सट्टे और जमीन के अवैध धंधों में लगे हुए हैं।
एसएसपी बबलू कुमार ने आईबी, एलआईयू, एसटीएफ, एटीएस की मीटिंग लेकर यह लक्ष्य दिया है। इनकी सूची कार्रवाई के लिए शासन को भेजी जाएगी। उन लोगों पर भी कार्रवाई कराई जानी है जो कुछ ही समय में धनाढ्य हो गए हैं। इनकी आय का स्रोत भी मालूम किया जाना है।
एसएसपी ने सभी एजेंसियों के साथ पुलिस लाइन में सोमवार को बैठक की। पुलिस सूत्रों ने बताया कि पिछले दिनों भूमाफिया, खनन माफिया और शराब माफिया पर कार्रवाई की समीक्षा में यह बात आई थी कि अवैध धंधों में लगे सफेदपोश अभी तक शिकंजे में आने से बचे हुए हैं। इसके बाद ही खुफिया एजेंसियों की मदद से नई सूची बनाने का फैसला लिया गया है।