किशनी में क्रीड़ा प्रतियोगिता के समापन पर प्रस्तुतियां देतीं छात्राएं
- फोटो : MAINPURI
किशनी। नगर के आदर्श इंटर कॉलेज के मैदान पर चल रही 64वीं जनपदीय क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुक्रवार को समापन हो गया। तीन दिवसीय प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में दिहुली के अभिजीत, जूनियर वर्ग में समान की शिवांकी और सब जूनियर वर्ग में कुसमरा के कर्णप्रताप को चैंपियन घोषित किया गया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि एसडीएम प्रेमप्रकाश ने सफल प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
तीन दिवसीय क्रीड़ा प्रतियोगिता के अंतिम दिन सब जूनियर वर्ग में एसएसजीएम कुसमरा के कर्ण प्रताप ने 100, 200 व 400 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान हासिल किया। सीनियर बालक वर्ग में एके इंटर कॉलेज दिहुली के अभिजीत ने लम्बी कूद, त्रिकूद व 400 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान हासिल किया।
जूनियर बालिका वर्ग में श्री नेहरू स्मारक इंटर कॉलेज समान की छात्रा शिवांकी ने 100, 200 व 400 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान पाया। तीन प्रतियोगिताओं में प्रथम पाने वालों को चैंपियन घोषित किया गया। जूनियर बालक वर्ग की 800 व 1500 मीटर दौड़ में नेशनल इंटर कॉलेज भोगांव के छात्र आलोक कुमार ने प्रथम स्थान हासिल किया।
100 मीटर दौड़ में एमएसजीएम कुसमरा के राज अवस्थी, एके इंटर कॉलेज बरनाहल के आदित्य व जीआईसी मैनपुरी के शिवम ने संयुक्त रूप से द्वितीय, आदर्श इंटर कॉलेज किशनी के समरऊ ने तृतीय स्थान हासिल किया। एसडीएम ने सभी को पुरस्कार वितरित किया। इस मौके पर डीआईओएस सर्वेश कुमार, सह जिला विद्यालय निरीक्षक शौकीन सिंह यादव, उमा शंकर यादव, संजय सिंह, सरमन सिंह, मनोज यादव, रवि तोमर, दिलमोहन सोनी, मनोज यादव सहित कई लोग मौजूद रहे। संचालन जैन इंटर कॉलेज के प्रवक्ता पवन यादव ने किया।