लोकतंत्र के महापर्व में कोई मतदाता मतदान से वंचित न रह जाए इसलिए मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए एक और मौका दिया जा रहा है। आगरा में मंगलवार से विशेष अभियान शुरू हो गया है, जो सात दिन तक चलेगा। बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) घर-घर जाकर नाम जुड़वाएंगे। दो दिन विशेष कैंप भी आयोजित होंगे। हालांकि, सूची में नाम जुड़वाने के लिए मतदाता 26 मार्च तक आवेदन कर सकते हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी एनजी रवि कुमार ने बताया कि 31 जनवरी के आधार पर तैयार मतदाता सूची के बाद निर्वाचन आयोग के निर्देश पर फरवरी में भी दो दिन के लिए विशेष अभियान चलाया गया था। इसमें लगभग 23 हजार नये मतदाताओं के आवेदन आए हैं। सात दिन के लिए फिर से नया अभियान चल रहा है। इन सभी मतदाताओं के नाम लोकसभा मतदाता सूची में जुड़ सकते हैं।
उन्होंने बताया कि कोई भी मतदाता बीएलओ के माध्यम से अपने पोलिंग स्टेशन की जानकारी प्राप्त कर सकता है। बीएलओ के पास मौजूद मतदाता सूची में अपना नाम जरूर देख ले ताकि मतदान के दिन कोई दिक्कत हो। पोलिंग स्टेशन कहां है, इसकी जानकारी पोर्टल पर भी उपलब्ध है। यहां से बीएलओ का मोबाइल नंबर भी उपलब्ध हो जाएगा।