कासगंज। होली का त्योहार और लोकसभा चुनाव की तैयारी को लेकर एसपी ने बुधवार को अर्द्धसैनिक बलों के साथ गंगा की कटरी वाले क्षेत्र में स्थित गांव का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान केंद्रों की तैयारी का जायजा लिया। त्योहार और चुनावों को लेकर होने वाली अफवाहों पर लोगों से ध्यान न देने की अपील की।
लोकसभा चुनाव और होली का पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो, इसके लिए एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने अर्धसैनिक बलों के साथ गंगा की तराई क्षेत्र का बुधवार को भ्रमण किया। उन्होंने सुनगढ़ी क्षेत्र के गांव नगला देवी में स्थित मतदान केंद्र का भी निरीक्षण किया। मतदान केंद्रों की तैयारियों का अवलोकन किया। मतदान केंद्र के आसपास ईंट-पत्थर आदि हटाने व बिजली, पानी एवं प्रकाश की उचित व्यवस्था रखने के निर्देश अधीनस्थों को दिए। मतदान केंद्र पर सीसीटीवी कैमरों की दशा व दिशा सही करने, चिन्हित स्थानों पर बैरीकैडिंग करने, मतदान केन्द्र एवं आसपास के क्षेत्रों में ड्रोन कैमरे से निगरानी रखने को भी कहा। मतदान केंद्र तक सुगम आवागमन व्यवस्था बनाए रखने तथा दिव्यांगों के लिए रैंप बनाए जाने संबंधित को निर्देश भी दिए। पोलिंग पार्टी के रुकने की पर्याप्त व्यवस्था के साथ-साथ पेयजल, शौचालयों, स्नानागार आदि व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने लोगों से चुनाव और होली के त्यौहार को लेकर अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की।