ऑपरेशन जागृति के कार्यक्रम में बोलते एसपी विनोद कुमार
- फोटो : संवाद
अपने निजी स्वार्थ रंजिश या किसी अन्य कारण के चलते झूठे मुकदमों में लोग महिलाओं को मोहरा न बनाएं। महिलाओं को प्रदान कानूनी अधिकारों का दुरुपयोग न करें। झूठ की उम्र अधिक नहीं होती और आपके एक झूठ से किसी निर्दोष का जीवन बर्बाद हो सकता है। इसलिए महिलाएं किशोरियां जागरूक हों। किसी के बहकावे या प्रलोभन में न आकर सच का साथ दें।
मंगलवार को यह बातें पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने मैनपुरी जिले के कुरावली क्षेत्र के वीजी भारती इंटर कॉलेज में आयोजित ऑपरेशन जागृति कार्यक्रम के दौरान कहीं। उन्होंने कहा कि आपकी समझदारी जहां न्याय की राह आसान करती है। वहीं झूठ और नासमझी आपको भी मुसीबत में डाल सकती है। सभी इस बात का दृढ निश्चय करें कि कभी भी झूठ का सहारा नहीं लेंगे।
शहर के सैनिक स्कूल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक राहुल मिठास ने छात्र छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज के समय में साइबर अपराध जडे़ जमा चुका है। कई लोग अपनी जरा सी लापरवाही से इनका शिकार होते हैं। इसलिए जरूरी है कि इंटरनेट का इस्तेमाल करने के दौरान सावधानियां बरतें।
फोन पर किसी भी अंजाम व्यक्ति से बात न करें। बात होती है तो बैंक, खाता या निजी जानकारी किसी भी तरह से साझा न करें। यदि कोई बार बार परेशान करे तो 1930 या 112 पर पुलिस को सूचना दें। अंजान लिंक और वीडियो कॉल से दूरी बनाए रखें। इस मौके पर थानाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह व स्कूल के शिक्षक शिक्षिकाएं छात्राएं मौजूद रहीं।
थाना बरनाहल क्षेत्र के सुपर इंटर कॉलेज व करहल के संत विवेकानंद सीनियर सेकेंडरी स्कूल में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अनिल कुमार, सीओ करहल संतोष कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक ललित भाटी ने बच्चों को कानूनी अधिकारों के प्रति जागरुक किया।
कहा कि स्कूल हो या घर आपके साथ यदि कुछ भी गलत होता है तो उसे छिपाएं नहीं। तुरंत ही अपने अभिभावक को सूचना दें। मर्यादा में रहें और यदि कोई भी मर्यादा भंग करता है तो आप सतर्क हो जाएं। अभिभावक और शिक्षक दोनों ही आपके जीवन में अहम स्थान रखते हैं। इसलिए इनका सम्मान करें और बताए गए रास्ते पर चलें।
सीओ ने छात्राओं से कहा कि यदि आपको कोई विद्यालय या बाहर परेशान करता है तो आप पुलिस की मदद ले सकती हैं। शिकायत करने वाले का नाम व पहचान पुलिस गुप्त रखेगी। किसी भी अपराध पर चुप्पी अपराधी का मनोबल बढाने का काम करती है। इसलिए चुप्पी तोड़ते हुए डट कर मुकाबला करें। इस मौके पर शिक्षक-शिक्षिकाएं आदि लोग मौजूद रहे।