आगरा। आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक विधान परिषद (एमएलसी) चुनाव से 24 घंटे पहले निष्पक्षता पर सियासी घमासान तेज हो गया है। बृहस्पतिवार को समाजवादी पार्टी ने पुलिस और प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठाते हुए पुलिस कमिश्नर से मुलाकात की। सपा जिलाध्यक्ष ऊदल सिंह कुशवाहा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस आयुक्त दीपक कुमार से मुलाकात कर चुनाव में पुलिस की कार्यशैली को संदिग्ध और गैर-पारदर्शी बताया। पार्टी नेताओं ने निष्पक्ष मतदान प्रक्रिया और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा की मांग उठाई।
निर्दलीय प्रत्याशी ने लगाए आरोप
वहीं निर्दलीय प्रत्याशी ने सपा-भाजपा पर फर्जी वोटर पर्ची बांटने का आरोप लगाया है। शिक्षक एमएलसी प्रत्याशी मोहम्मद वसीम कलाम ने चुनाव प्रेक्षक व रिटर्निंग ऑफिसर से शिकायत दर्ज कराई है। उनका कहना है कि भाजपा और सपा प्रत्याशी मतदाताओं को भ्रमित करने के लिए गलत भाग संख्या, क्रम संख्या व बूथ वाली पर्चियां बांट रहे हैं। इससे दूर-दराज के शिक्षक मतदाता सही बूथ तक नहीं पहुंच सकेंगे और मतदान प्रभावित होगा।