दक्षिणांचल मुख्यालय में एमडी से वार्ता करते सपा सांसद रामजीलाल सुमन।
आगरा। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रीपेड और स्मार्ट मीटरों के जरिये उपभोक्ताओं के उत्पीड़न के खिलाफ समाजवादी पार्टी ने आर-पार की जंग का एलान किया है। बृहस्पतिवार को राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन और सपा जिलाध्यक्ष ऊदल सिंह कुशवाहा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम (डीवीवीएनल) की प्रबंध निदेशक श्रुति से मुलाकात कर विरोध दर्ज कराया।
सांसद सुमन ने कहा कि विद्युत विभाग की ओर से थोपी गई प्रीपेड व्यवस्था पूरी तरह अव्यावहारिक साबित हुई है। बिलों में भारी अनियमितता, बिना सूचना बैलेंस कटना और तकनीकी खामियों ने किसानों व आम जनता का जीना दूभर कर दिया है। इस व्यवस्था को वापस लेना ही इस बात का प्रमाण है कि यह योजना जनविरोधी थी। जिलाध्यक्ष ने कहा कि जब से स्मार्ट मीटर लगाए गए थे, तब से अब तक के सभी बिलों को पूर्ण रूप से माफ किया जाए। साथ ही उन्होंने दर्ज प्राथमिकी वापस लेने के लिए कहा। चेतावनी दी कि यदि ऐसा नहीं हुआ तो सपा सड़क पर व्यापक आंदोलन करेगी। प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश सचिव लाला गुर्जर, संतोष पाल बघेल, पवन प्रजापति, डॉ. वीरेंद्र सिंह, देवेंद्र यादव, योगेश यादव प्रधान व अन्य मौजूद रहे।
किसानों ने घेरा दक्षिणांचल, कैद हुए अधिकारी : स्मार्ट मीटर पर चल रहे घमासान के बीच बृहस्पतिवार को समाज सुधार संगठन के बैनर तले किसानों ने डीवीवीएनल मुख्यालय का घेराव किया। किसानों की भीड़ देख पुलिस व दक्षिणांचल प्रबंधन ने परिसर के सभी गेटों पर ताले लगवा दिए। करीब एक घंटे तक कर्मचारी-अधिकारी व काम के लिए दफ्तर आए आम लोग अंदर फंसे रहे जबकि बाहर किसान नारेबाजी करते रहे। करीब आधे घंटे की नारेबाजी के बाद किसानों से अधिकारियों ने मुलाकात कर ज्ञापन लिया और दर्ज प्राथमिकी वापस लेने का आश्वासन दिया।