समाजवादी पार्टी की अल्पसंख्यक सभा की राष्ट्रीय सचिव मोनिका नाज खान ने मंगलवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को भेजे पत्र और जारी वीडियो संदेश में उन्होंने आगरा सपा के महानगर अध्यक्ष और उनके करीबियों पर मानसिक उत्पीड़न, झूठी शिकायतें करने और चरित्र हनन का सीधा आरोप लगाया है।
मोनिका नाज खान ने शाम को भावुक होकर एक वीडियो संदेश जारी किया। इसमें उन्होंने कहा कि सपा में 20-22 वर्षों की निष्ठा के बावजूद उन्हें लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है। उन्होंने अखिलेश यादव से मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि उन्हें न्याय और मान-सम्मान वापस नहीं मिला, तो वे तीन दिन के भीतर लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय पर धरना प्रदर्शन करेंगी। हालांकि, त्यागपत्र में उन्होंने स्पष्ट किया है कि वे सपा की प्राथमिक कार्यकर्ता बनी रहेंगी और अखिलेश यादव ही उनके नेता रहेंगे।