मैनपुरी। शनिवार की शाम एसपी ने कोतवाली पहुंच कर निरीक्षण किया और आवश्यक निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस बल के साथ शहर में पैदल गश्त किया। व्यापारियों व आमजन से संवाद करते हुए उनकी समस्याओं के बारे में जाना। मार्ग से अतिक्रमण को हटवाया गया।
एसपी कमलेश दीक्षित शनिवार की शाम सदर कोतवाली पहुंचे, सबसे पहले अधिकारी ने कार्यालय में अपराध रजिस्टर देखा, दर्ज मामले व उसमें पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई के संबंध में जानकारी ली। इंस्पेक्टर से वांछित व वारंटी अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर की गई कार्रवाई का ब्यौरा तलब किया। कंप्यूटर कक्ष, महिला हेल्प डेस्क, मैस आदि का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। निरीक्षण के बाद एसपी ने एएसपी मधुवन कुमार, सीओ विजय पाल सिंह, इंस्पेक्टर कोतवाली विक्रम व पुलिस बल के साथ शहर में पैदल गश्त किया। कोतवाली से शुरू हुआ पैदल गश्त क्रिश्चियन तिराहा, तांगा स्टैंड, बड़ा चौराहा, करहल रोड, बजाजा बाजार, घंटाघर चौराहा, आगरा रोड से होकर गुजरा। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने सड़क पर हुए अतिक्रमण को हटवाया। वहीं एसपी ने आमजन व व्यापारियों से संवाद कर उनकी समस्याओं आदि के बारे में जानकारी ली। एसपी ने इंस्पेक्टर से कहा कि अतिक्रमण को लेकर अभियान लगातार जारी रहे।